स्वास्थ्य पर रेडिएशन के खतरे का हवाला देकर काम रुकवाने की मांग
बरेली : शहर के किला थाना क्षेत्र के गुण बाजार सन्दल खां, नवाब दुलारे की कोठी मोहल्ले में एयरटेल कंपनी के मोबाइल टॉवर लगाए जाने को लेकर स्थानीय महिलाओं और निवासियों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध किया। महिलाओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और कहा कि घनी आबादी के बीच टॉवर लगने से रेडिएशन का खतरा बढ़ेगा, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
खाली मकान की छत पर छुपकर लग रहा टॉवर
महिलाओं ने आरोप लगाया कि छत पर छिपकर टॉवर लग रहा है। मोहल्ले की शबनम, जैनब, रूशदा, उफना समेत कई महिलाओं ने बताया कि नसीम मियां के तीन मंजिला अपार्टमेंट की छत पर उनका बेटा बॉबी उर्फ नदीम मोबाइल टॉवर लगवा रहा है, जबकि नसीम मियां का परिवार नैनीताल में रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना जानकारी दिए कंपनी और ठेकेदार ने टॉवर की स्थापना शुरू कर दी।
60-70 परिवारों को स्वास्थ्य को लेकर चिंता
मोहल्ले में लगभग 500 लोग रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छोटे बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। महिलाओं का कहना है कि “टॉवर की रेडिएशन से कैंसर, दिल की बीमारियाँ और मानसिक समस्याएँ बढ़ सकती हैं। सरकार क्यों हमारी सेहत से खिलवाड़ कर रही है?”
ठेकेदार पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
महिलाओं ने बताया कि 5 नवंबर को जब वे काम रुकवाने गईं, तो ठेकेदार ने झगड़ा किया और पुलिस बुलाकर फँसाने की धमकी दी। इससे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है।
महिलाओं ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर टॉवर लगाने का काम तत्काल रोकवाने की मांग की। एसएसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
