सपा प्रमुख बोले – सीएम की किसी बात पर भरोसा मत करना, योगी होकर झूठ बोलते हैं! महंगाई ने छोटा किया बिस्किट
नवादा/पटना/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार में कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने नवादा, जमुई, बेलहर (बांका) और नाथनगर (भागलपुर) में INDIA गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में वोट की अपील की, और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर जोरदार हमला बोला। नवादा विधानसभा में अखिलेश यादव ने कहा “योगी जी की किसी बात पर भरोसा मत करना, योगी होकर झूठ बोलते हैं।”उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को अवध में हराया गया, और बिहार में जनता इस बार मगध से शुरुआत कर बदलाव लाएगी। बोले -“आपको अपना वोट बचाना भी है और वोट डालना भी है।”
रोज़गार बनाम भाजपा

जमुई में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने चुनाव की मुख्य धुरी को रोज़गार बनाम भाजपा बताया। “चुनाव नौकरी बनाम भारतीय जनता पार्टी होने जा रहा है।”महंगाई और जीवनयापन की कठिनाइयों को लेकर उन्होंने कहा- “महंगाई और भ्रष्टाचार से पारले जी का बिस्किट भी छोटा कर दिया। पेट्रोल-डीज़ल कहा पहुंचा दिया।”नोटबंदी पर तीखी टिप्पणी करते हुए बोले- “इन्होंने नोटबंदी की, उसमें बहुत सारे बंडल इकट्ठे किए थे। इस बार बिहार में ना बंडल चलेगा, ना बंडलबाज़।”उन्होंने उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा- “हमारे यहाँ हैं एक रंग वाले मुख्यमंत्री, एक रंगी मुख्यमंत्री।”
बिहार की जनता बीजेपी को हटाएगी, उसके बाद हम लोग उत्तर प्रदेश से हटा देंगे!

बेलहर विधानसभा (बांका) में उन्होंने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया “इस बार बिहार की जनता बीजेपी को हटाएगी, उसके बाद हम लोग उत्तर प्रदेश से हटा देंगे।”उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर पर लोकतांत्रिक और सामाजिक न्याय की ताकतें एकजुट हो रही हैं। “अगर कभी दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है तो वह बिहार ने किया है। इस बार भी परिवर्तन होकर रहेगा।”
युवाओं का नहीं, बिहार से भाजपा का पलायन!

नाथनगर (भागलपुर) में युवाओं और पलायन के मुद्दे पर अखिलेश यादव बोले- “अब नौजवानों का पलायन नहीं होगा, भारतीय जनता पार्टी का पलायन होगा। नया बिहार होगा, नौकरी वाला बिहार।”नवादा में शमशाद आलम बेलहर में चाणक्य प्रसाद, नाथनगर में शेख जियाउल हसन ने जीत की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, भविष्य निर्माण का चुनाव है।
मिर्जापुर हादसे पर शोक संदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिर्जापुर में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रेन दुर्घटना में हुई मौतों पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। इसके साथ लखनऊ और बरेली हादसे के मृतकों को श्रंद्धाजलि दी।
