Agra : आगरा-जयपुर हाईवे से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बेकाबू अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पाँच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह अर्टिगा कार राजस्थान के सूरतगढ़ से लौट रही पुलिस टीम की थी, जो किसी मामले में दबिश देकर वापस आगरा आ रही थी। हादसे में सिपाही गौरव प्रताप सिंह, जो निबोहरा थाने में तैनात थे, और कार चालक देव की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कार में सवार दरोगा गौरव कुमार समेत पाँच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा की छत पूरी तरह उड़ गई और हेड कॉन्स्टेबल तथा ड्राइवर के शव कार के बोनट में बुरी तरह फंस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और नेशनल हाईवे अथॉरिटी की टीम ने कटर से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत सीएचसी सीकरी अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। इस भीषण दुर्घटना ने पुलिस विभाग को गहरे शोक में डाल दिया है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक जाम भी लग गया, जिसे पुलिस ने हटवा दिया।
