बरेली: शहर के इज्जनगर (महानगर उत्सव-2) निवासी इंजीनियर ओमप्रकाश राय को साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का लालच देकर कुल 95,83,446 रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना, बरेली में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता का बयान
ओमप्रकाश राय ने बताया कि 5 अगस्त 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया और उन्हें ऐप के जरिए निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। शुरू में उन्होंने मना किया, लेकिन बार-बार मनाने पर उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया।
ठगी का तरीका
शिकायत के मुताबिक, 14 अगस्त को आरोपियों ने एक लिंक भेजकर ओमप्रकाश का ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। उन्होंने निवेश बढ़ाने के लिए लालच दिया और यह भरोसा दिलाया कि निवेश दोगुना हो जाएगा। शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए ₹2,65,000 का दिखावा “प्रॉफिट” भी भेजा, जिससे पीड़ित का विश्वास और गहरा गया। 19 अगस्त से 10 अक्टूबर 2025 के बीच ओमप्रकाश ने अपने बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल ₹95,83,446 विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर दिए।
जब पैसा निकालन की कोशिश की तो शॉर्ट कट हुआ संपर्क
कई लाख रुपये जमा करने के बाद जब ओमप्रकाश ने ऐप से राशि निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले और आरोपियों के सभी संपर्क नंबर बंद हो गए। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर जालसाज़ों के शिकार बन चुके हैं और उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
साइबर क्राइम थाना ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है और बैंक ट्रांजैक्शन व डिजिटल सबूतों की प्रारम्भिक पड़ताल की जा रही है।
नागरिकों के लिए चेतावनी
साइबर थाना ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल और संदेशों पर भरोसा न करें, किसी लिंक पर क्लिक कर अकाउंट न बनवाएं और ऑनलाइन निवेश से पहले प्रमाणिक स्रोत (ऑफिशियल वेबसाइट/नियमित प्लेटफॉर्म) व बैंक से क्रॉस-चेक अवश्य कर लें।
