मुलाकात के दौरान मां-बेटी फफक कर रो पड़ीं, राहुल दिलासा देते हुए।
फतेहपुर : रायबरेली मॉब लिंचिंग में मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से आज राहुल गांधी ने फतेहपुर में मुलाकात की। करीब 25 मिनट तक चली इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने माता-पिता, भाई और बहन से बात की और परिवार को सांत्वना दी।
राहुल गांधी शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पहुंचे, और वहां से सड़क मार्ग से फतेहपुर आए।
जहां उन्होंने हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान हरिओम की मां फफक पड़ीं, बहन भी रोने लगीं तो राहुल गांधी ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया। पिता जब भावुक होकर हाथ जोड़ने लगे, तो राहुल ने उनका हाथ थामकर दिलासा दिया।

मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि “परिवार को घर में बंद कर रखा गया है, इन्हें डराया जा रहा है। आज सुबह सरकार ने परिवार को मुझसे न मिलने की धमकी दी और जबरन वीडियो बनवाया गया।”
राहुल ने कहा कि “परिवार मुझसे मिले या न मिले, यह जरूरी नहीं, लेकिन जो अपराधी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है।”
दरअसल, राहुल गांधी के पहुंचने से करीब एक घंटा पहले हरिओम के भाई शिवम वाल्मीकि ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि “राहुल गांधी राजनीति करने न आएं, हम सरकार से संतुष्ट हैं।”
आपको बता दें कि 2 अक्टूबर को रायबरेली में चोरी के शक में हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। 4 अक्टूबर को एक और वीडियो सामने आया था जिसमें हरिओम पिटाई के दौरान राहुल गांधी का नाम लेता नजर आया। इस पर भीड़ में से एक व्यक्ति कहता है “यहां सब बाबा वाले हैं।”
राहुल गांधी ने मुलाकात के बाद कहा कि मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि इनको न्याय दीजिए, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कीजिए और उनकी रक्षा मत कीजिए। कांग्रेस पार्टी और मैं, दोनों इन परिवारों की हर संभव मदद करेंगे। जहां भी दलितों के खिलाफ अत्याचार होगा, कांग्रेस वहां खड़ी मिलेगी। राहुल गांधी ने साफ कहा कि यह सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि न्याय का सवाल है और कांग्रेस इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी।
