सपा प्रमुख अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने कहा -बिना उत्पादन किए महंगी बिजली बेची जा रही है, पावर कॉर्पोरेशन की मनमानी से जनता त्रस्त
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह विफल और भ्रष्टाचारग्रस्त बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विद्युत विभाग को पूंजीपतियों के हवाले कर दिया है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों का जीना मुश्किल हो गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। “पावर कॉर्पोरेशन ने अपने ही नियम-कायदों की धज्जियां उड़ा दी हैं। जनता को न बिजली मिल रही है, न राहत।”उन्होंने बताया कि 10 सितंबर से 6 अक्टूबर तक 1.74 लाख नए बिजली कनेक्शन के आवेदन हुए, जिनमें 37,043 आवेदन बढ़ी हुई दरों की वजह से लंबित रह गए।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के नाम पर जनता से वसूली

सपा प्रमुख ने विद्युत उपभोक्ता परिषद की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लागू करने से पहले उपभोक्ताओं से ली गई राशि वापस की जानी चाहिए, क्योंकि विद्युत अधिनियम 2003 के अनुसार उपभोक्ता को “प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर चुनने का अधिकार” है। उन्होंने कहा “सरकार और पावर कॉर्पोरेशन की मिलीभगत से उपभोक्ताओं पर मनमाने तरीके से प्रीपेड मीटर थोपे जा रहे हैं। इसका मकसद बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में गिरवी रखना है।
1 हजार से बढ़ाकर 6 हजार तक — गरीबों पर भारी बोझ
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों की जेब पर सीधा हमला किया है। पहले गरीब परिवार को 1 किलोवाट लोड पर 1,172 में कनेक्शन मिलता था। अब वही कनेक्शन ₹6,216 में मिल रहा है, यानी 5.3 गुना बढ़ोतरी। पावर कॉर्पोरेशन ने बिना नियामक आयोग की स्वीकृति के दरें बढ़ा दीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक यूनिट बिजली का उत्पादन तक नहीं किया, फिर भी महंगी बिजली बेचकर लूट मचा रखी है।
भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने उद्योग और रोजगार को किया तबाह”

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर मुनाफाखोरी, चंदावसूली और ठेकों में कमीशनखोरी का आरोप लगाया।“भाजपा ने ठेले, पटरी, छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को भी बिजली के नाम पर लूट लिया है।” उन्होंने कहा कि बिजली कटौती और लगातार फाल्ट से उद्योगपति परेशान हैं, इसलिए कोई निवेशक यूपी में आना नहीं चाहता।
2027 में भाजपा को हटाना ही जनता की मुक्ति का रास्ता
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं। जब तक यह सरकार नहीं जाती, तब तक राहत नहीं मिलेगी।” उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर सपा की सरकार बनाएगी, जो “जनहित, न्याय और विकास के रास्ते पर” काम करेगी।
