यात्रियों को सलाह, सफर से पहले चेक करें ट्रेन स्टेटस!
बरेली : सर्दियों में हर साल की तरह इस बार भी उत्तर रेलवे (एनआर) ने कोहरे की संभावना को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया है। मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनें दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक प्रभावित रहेंगी। इनमें 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द की गई हैं, जबकि 10 ट्रेनों के फेरों में कमी की गई है। रेल प्रशासन के मुताबिक यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है, क्योंकि कोहरे के समय दृश्यता बेहद कम हो जाती है जिससे रेल संचालन जोखिमपूर्ण हो जाता है।
पूरी तरह रद्द की गई ट्रेनें
15903 चंडीगढ़ एक्सप्रेस को 1 दिसंबर 2025 से 27 फरवरी 2026 तक, 15904 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को 3 दिसंबर 2025 से 1 मार्च 2026 तक, 12583 लखनऊ–आनंद विहार डबल डेकर को 2 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक, 12584 आनंद विहार–लखनऊ डबल डेकर को 2 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक रद्द किया गया है।
जिन ट्रेनों के फेरों में की गई कमी
रेलवे ने बताया कि इन ट्रेनों के निर्धारित दिनों में संचालन रद्द रहेगा, यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले ट्रेन नंबर और तारीख की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। इसमें 15909 / 15910 अवध-असम एक्सप्रेस दिसंबर से मार्च के बीच कई फेरों में रद्द, 15119 / 15120 जनता एक्सप्रेस को दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच कई तारीखों पर बंद, 15127 / 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को दिसंबर से फरवरी तक आंशिक रूप से प्रभावित,15073 / 15074 / 15075 / 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस कई तिथियों पर संचालन नहीं होगा
जानें क्या बोले रेलवे अफसर
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि “कोहरे की घनी स्थिति में ट्रेनों की गति पर असर पड़ता है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए अस्थायी रूप से इन ट्रेनों को निरस्त या आंशिक रूप से बंद किया गया है।”उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट या ऐप पर ट्रेन की स्थिति जांच लें और रिफंड या वैकल्पिक ट्रेन की जानकारी लें।
यह करना चाहिए यात्रियों को
IRCTC वेबसाइट या ऐप पर ट्रेन स्टेटस चेक करें, टिकट कैंसिलेशन पर पूरी राशि वापस मिलेगी, लंबी दूरी की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेनें या तिथियां चुनें, स्टेशन पर सूचना बोर्ड और हेल्पडेस्क से जानकारी लें।
