बरेली : लंबे इंतजार के बाद यूपी पुलिस में सीधी भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड -ए, उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। यह परीक्षा 1 और 2 नवंबर 2025 को प्रदेश के 10 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिनमें बरेली, लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी शामिल हैं।
बरेली में दो दिन, 15 परीक्षा केंद्र और सख्त निगरानी
डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने मीडिया को बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं। 1 नवंबर को 6,960 परीक्षार्थी और 2 नवंबर को 6,000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हर केंद्र पर एक प्रभारी निरीक्षक, पाँच सब-इंस्पेक्टर, महिला और पुरुष पुलिसकर्मी, व ट्रैफिक पुलिस की अलग टीम तैनात की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग होगी ताकि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी रहे।
एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी
अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र की सूचना परीक्षा से एक सप्ताह पहले जारी की जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले UPPBPB की आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। बरेली में ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी SP ट्रैफिक अकमल खान को सौंपी गई है।
हर परीक्षा केंद्र पर CCTV और विशेष निगरानी दल
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी,वीडियोग्राफी,गश्ती दल, के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए यह जरूरी निर्देश
UPPBPB ने सभी अभ्यर्थियों से निम्न नियमों का पालन करने की अपील की है। इसमें एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थी को रिपोर्टिंग टाइम से 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र की वीडियोग्राफी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर पेपर तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को सादा कपड़ा पहनकर आना होगा। जेब, बेल्ट, मोबाइल, ब्लूटूथ, इयरफोन, वॉच जैसी वस्तुएं प्रतिबंधित रहेंगी। गेट बंद होने के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कंट्रोल रूम से होगी सीधी मॉनिटरिंग
बरेली पुलिस ने बताया कि सभी 15 केंद्रों की सीधी निगरानी कंट्रोल रूम से लिंक्ड स्क्रीन पर की जाएगी।
डीआईजी ने मीडिया से कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।”परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए उम्मीदवार केवल UPPBPB की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।
सोशल मीडिया या अनधिकृत साइटों पर भरोसा न करें।
