CCTV फुटेज में मारपीट की घटना क़ैद
बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति चौराहा रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ दबंगों ने स्थानीय व्यापारी नेता और उनके बेटों पर जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित की पहचान राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल की संजय नगर इकाई के कोषाध्यक्ष गंगाराम गुरुनानी के रूप में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गली का निकास बंद करने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने उन्हें और उनके दोनों बेटों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
जाने क्या है पूरा मामला
गुरुवार को थाना बारादरी में तहरीर देते हुए व्यापारी नेता गंगाराम गुरुनानी ने मीडिया को बताया कि उनकी जनरल स्टोर की दुकान है और अक्सर देर रात माल की सप्लाई आती है। बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपने बेटों के साथ दुकान पर आए सामान को उतरवा रहे थे। इसी दौरान पास रहने वाले कुछ लोगों ने गली का रास्ता बंद कर दिया, जिससे माल निकालने में दिक्कत हुई। जब उन्होंने रास्ता खोलने के लिए कहा, तो आरोपी पक्ष गाली-गलौज पर उतर आया और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोग बाहर निकल आए, लेकिन तब तक गंगाराम और उनके बेटों को गंभीर चोटें लग चुकी थीं। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में दर्ज हुआ है, जिसमें आरोपी पक्ष को हमला करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है और संगठन के पदाधिकारियों ने पीड़ित पक्ष के साथ थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
व्यापारी संगठन ने जताया विरोध
राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी गुरुवार को बारादरी थाने पहुंचे और कहा कि “व्यापारियों पर हो रहे हमले चिंताजनक हैं। यदि जल्द आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आंदोलन करेगा।”
जानिए पुलिस ने क्या कहा
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर ले ली है और मामले की जांच की जा रही है। “पीड़ितों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।”
वायरल वीडियो से मचा बवाल
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय स्तर पर हलचल मच गई है। लोगों ने सवाल उठाया है कि व्यापारी नेताओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, और दबंगई खुलेआम सड़कों पर देखी जा रही है। स्थानीय लोगों की मांग कि क्षेत्रीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि “ऐसे दबंगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई व्यापारी इस तरह की हिंसा का शिकार न बने।”
