बुलंदशहर: अनूपशहर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई, जब प्रेम प्रसंग में निराश एक 22 वर्षीय युवक सज्जा ने पानी की ऊंची टंकी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक की मां और गांव के ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की नहीं सुनी।
सूत्रों के अनुसार, सज्जा अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और हो जाने से अत्यंत दुखी और मानसिक रूप से परेशान था। घटना के समय वह सुबह करीब 9:30 बजे अचानक टंकी पर चढ़ गया। उसे टंकी पर देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ साहसी ग्रामीण और परिजन युवक को बचाने के लिए टंकी पर चढ़े, लेकिन सज्जा ने उन्हें ऊपर आते देख आत्महत्या की धमकी दी। इस दौरान उसकी मां मौके पर ही बेहोश हो गई।
करीब 15 मिनट तक सभी प्रयास विफल रहने के बाद सज्जा ने टंकी से नीचे छलांग लगा दी। जमीन पर गिरते ही वह लहूलुहान हो गया। आनन-फानन उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मान रही है और गहन छानबीन कर रही है।
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के अनुसार, सज्जा का अपनी ही बिरादरी की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। युवती की हाल ही में अन्यत्र शादी होने से आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक सज्जा अपने घर में छह भाइयों में पांचवें नंबर का था और मेहनत-मजदूरी करके परिवार के भरण-पोषण में मदद करता था।
यह घटना ग्रामीणों और परिजनों के लिए अत्यंत दर्दनाक रही और इलाके में शोक और सदमे की लहर फैली है।
