पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। हालांकि, सोशल मीडिया पर भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की एक लिस्ट वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने कई सीटों पर नाम तय कर लिए हैं, जिनमें मौजूदा विधायक, मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह सूची भाजपा के आंतरिक सर्वे और सामाजिक समीकरणों के आधार पर तैयार की गई है। वायरल लिस्ट में कई वर्तमान विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि कुछ मंत्रियों को भी टिकट मिलने की चर्चा है।
हालांकि, भाजपा की ओर से इस सूची की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पार्टी ने साफ कहा है कि उम्मीदवारों की अंतिम घोषणा केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद ही की जाएगी।
वहीं, एनडीए के भीतर सीट शेयरिंग पर चल रही खींचतान भी अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि जीतन राम मांझी और चिराग पासवान की कुछ सीटों को लेकर मांगों के कारण फॉर्मूला तय होने में देरी हो रही थी।
लेकिन केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने सभी अटकलों को विराम देते हुए कहा है कि “एनडीए में सबकुछ पॉजिटिव है, लगभग सबकुछ फाइनल हो चुका है।”
अब देखना होगा कि भाजपा की आधिकारिक सूची कब सामने आती है और क्या वायरल लिस्ट में शामिल नामों को पार्टी टिकट देकर मैदान में उतारती है या नहीं।
