बुजुर्ग दंपती
बुलंदशहर : करवा चौथ के शुभ अवसर पर बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है। अतरौली कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर बढ़ेरा गांव में 72 वर्षीय पूरन सिंह और उनकी 70 वर्षीय पत्नी चमेली देवी ने शुक्रवार सुबह जहर खा लिया।
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग दंपती के बीच अक्सर झगड़े होते थे। शुक्रवार सुबह भी दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद पूरन सिंह ने अपनी पत्नी को गंगा स्नान के बहाने राम घाट ले गए। करीब 10 बजे दोनों ने राम घाट बाजार के पास जहर खा लिया।
सूचना पाते ही राम घाट पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पूरन सिंह की मौत हो चुकी थी, जबकि चमेली देवी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग दंपती का बेटा गाजियाबाद में नौकरी करता है और उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है। दोनों अपने बहू और तीन नातियों के साथ गांव में रह रहे थे।
अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण और पड़ोसी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं की सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
