बरेली : यूपी के बरेली में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे चार मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना थाना शाही क्षेत्र के परतापुर गांव की है। यहां 33 वर्षीय भगोराज और उसके साथी भानु समेत चार मजदूर सुबह ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए निकले थे। सभी मजदूर गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
मौके पर ही दोनों की मौत, परिवार में मातम
इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में भगोराज और भानु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि रोज की तरह सभी मजदूर ईंट भट्ठे पर काम करने निकले थे, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा।
जानें पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
