संभल/असमोली/ लखनऊ : यूपी के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कई एकड़ जमीन पर लोग मदरसा और बरात घर चला रहे थे। केके बिश्नोई ने मीडिया को बताया कि यह जमीन तालाब के निर्माण के लिए चिन्हित थी।
समय सीमा पूरी होने के बाद कार्रवाई
प्रशासन ने पहले संबंधित पक्ष को 30 दिन का समय दिया था, ताकि अवैध निर्माण को हटाया जा सके। लेकिन समय सीमा पूरी होने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने स्वयं कार्रवाई का निर्णय लिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संभावित विरोध और तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है और लोगों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई की निगरानी और प्रशासन की चेतावनी
कार्रवाई की निगरानी के लिए मौके पर डीएम और एसपी भी मौजूद हैं। प्रशासन ड्रोन की मदद से पूरे क्षेत्र पर नजर रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जे और निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
