सहारनपुर/बरेली: यूपी के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर हुए विवाद के बाद सियासी तनाव बढ़ गया है। नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद को प्रशासन ने गुरुवार को हाउस अरेस्ट कर दिया। वे पीड़ित परिवारों से मिलने बरेली जा रहे थे, लेकिन सहारनपुर स्थित उनके घर से निकलने से पहले ही उन्हें रोका गया। उनके घर पुलिस बैठी है, जो नजर रख रही है।
कांग्रेस-सपा नेताओं को भी रोका
इससे पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, सपा एमएलसी शाहनवाज खान को भी हाउस अरेस्ट किया गया था। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी को रोकने का निर्णय लिया। हालांकि, सपा के प्रतिनिधिमंडल ने मंलगवार को डीआईजी से मुलाकात कर निर्दोषों पर कार्रवाई न करने की बात कही थी। जिसके चलते डीआईजी अजय कुमार साहनी ने भी किसी निर्दोष पर कार्रवाई न करने की बात कही थी।
समर्थकों में नाराजगी, लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
चंद्रशेखर आजाद का कार्यक्रम बरेली की घटना का जायजा लेने और पीड़ितों से मिलने का था। समर्थकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि प्रदेश की योगी सरकार और प्रशासन सच को सामने आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप था कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है।
भीम आर्मी का कड़ा बयान
भीम आर्मी ने भी इस मुद्दे पर बयान जारी किया। संगठन ने कहा कि पीड़ितों की आवाज दबाने और समाज के हक की लड़ाई को कुचलने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने न्याय की लड़ाई जारी रखने और हमेशा समाज के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
