बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार को हुए दंगे के बाद प्रदेश सरकार अब पूरी तरह सख्त हो गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक से पहले प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने पत्रकारों से बातचीत में कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने साफ कहा कि “दंगों के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
मौलाना तौकीर रजा पर सीधा हमला
यूपी सरकार के मंत्री राठौर ने आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को निशाने पर लेते हुए कहा
“जिन बच्चों के हाथों में कलम और किताबें होनी चाहिए, उनके हाथों में पत्थर थमाए जा रहे हैं। यह अपनी ही कौम के साथ विश्वासघात है। ऐसे लोग बच्चों को इंजीनियर नहीं, बल्कि गुंडा-बदमाश बनाना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि जब तक ऐसी सोच नहीं बदलेगी, ऐसे लोगों को जेल की सलाखों के पीछे ही रहना चाहिए।
पुलिस कार्रवाई की तारीफ
मंत्री ने बरेली पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा “दंगाइयों की जिस तरह से ठुकाई हुई है, उससे उन्हें साफ संदेश मिल गया है कि उत्तर प्रदेश में योगी और कानून का राज चलता है। अब दंगा करने वाले सौ बार सोचेंगे क्योंकि इसकी कीमत उनकी आने वाली पीढ़ियों को भी चुकानी पड़ेगी।”
निर्दोषों को न होगी सज़ा
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्दोष किसी भी सूरत में परेशान नहीं होंगे, लेकिन जो गुनाह करेगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
