बरेली में आई लव मुहम्मद जुलूस से पहले बवाल में 22 पुलिसकर्मी घायल, डीएम और एसएसपी ने प्रेस
बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार को हुए बवाल के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम अविनाश कुमार सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दरअसल, पूरा मामला कानपुर में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद से शुरू हुआ। मौलाना तौकीर रजा के बुलावे पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। देखते ही देखते पुलिस से टकराव शुरू हो गया। खलील स्कूल तिराहे पर दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़, नावल्टी चौराहे पर पुलिस पर पथराव और श्यामगंज में फायरिंग तक का आरोप है। करीब तीन घंटे तक हालात बेकाबू रहे। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस हिंसा में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मौलाना ने जारी किया था वीडियो
बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा खां ने रात 10:20 बजे वीडियो जारी किया और कहा “अगर चाहो तो अतीक और अशरफ की तरह मुझे गोली मार दो, मोहम्मद के नाम पर मरना मंजूर है।” उन्होंने घटना को साजिश बताया और मुसलमानों को मुबारकबाद दी। पुलिस ने मौलाना को बरातघर संचालक के घर से गिरफ्तार किया। उनके साथ सरफराज, मनीफुद्दीन, अजीम अहमद, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद आमिर, रेहान और मोहम्मद सरफराज को भी पकड़ा गया है। इसके अलावा करीब 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बवाल के बाद 10 मुकदमें दर्ज, 7 में मौलाना शामिल
एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, अब तक 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें कोतवाली में 5, बारादरी में 2, जबकि प्रेमनगर, किला और कैंट थाने में एक-एक एफआईआर शामिल है। 7 मुकदमों में मौलाना तौकीर रजा खां नामजद किए गए हैं। पुलिस ने साफ किया कि बाहरी लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है और सोशल मीडिया पर भड़काने वालों की पहचान की जा रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इंटरनेट बंद होने की अफवाहों पर एसएसपी ने साफ इनकार किया है। The Justice HINDI शहरवासियों से अपील करता है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अमन-चैन बनाए रखें।
