बरेली सदर तहसील गेट पर घूसखोर बाबू गिरफ्तार, एसीबी की छापेमारी से तहसील गेट पर मचा हंगामा
बरेली : यूपी के बरेली में सोमवार दोपहर एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील गेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी विभाग के बाबू राजीव मित्तल को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी को छुड़ाने के लिए कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। इससे तहसील गेट पर हंगामा मच गया। हालांकि, टीम की तत्परता से आरोपी को थाने ले जाया गया।
जानें कैसे हुआ ट्रैप ऑपरेशन?
भ्रष्टाचार निवारण संगठन को कुछ समय पहले राजीव मित्तल के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह भरतौल गांव निवासी जितेंद्र बाबू से खेत गाटा संख्या 432 का नक्शा दुरुस्तीकरण (तूदाबंदी) कराने के एवज में 5,000 की घूस मांग रहा है।
इस पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
शिकायतकर्ता के रिश्वत देते ही दबोचा
सोमवार दोपहर शिकायतकर्ता रिश्वत देने तहसील गेट पर पहुंचा। वह जैसे ही राजीव मित्तल ने पैसे लिए, एंटी करप्शन टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल और उनकी टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस थाने लाया गया। यहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
