गाड़ी खराब होने पर रोड किनारे सो रहे थे लोग, बोलेरो सवार परिवार पर टूटा कहर
प्रयागराज/लखनऊ : यूपी के प्रयागराज में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोरांव थाना क्षेत्र के बिगहिया गांव के सामने कानपुर -वाराणसी हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक बोलेरो गाड़ी खराब हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। बोलेरो के आगे चादर बिछाकर सो रहे लोग अचानक पीछे से आए तेज़ रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक ने पहले खड़ी बोलेरो में टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे सो रहे लोगों को कुचल दिया।
कानपुर लौट रहा था परिवार
यह परिवार अपने घर कानपुर लौट रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के बाद हाइवे पर कोहराम मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। इसके साथ ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सुरेश सैनी पुत्र शिव शंकर, निवासी गुलौली कानपुर, सुरेश बाजपई पुत्र कैलाश बाजपई, उनकी पत्नी, रामसागर अवस्थी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। इसके अलावा ममता देवी पत्नी प्रेम नारायण (55 वर्ष), निवासी गुलौली मूसानगर कानपुर, मृतक सुरेश सैनी की पत्नी प्रेमा देवी, और मृतक रामसागर अवस्थी की पत्नी कोमल भी घायल हैं।
हादसे में प्रेम नारायण सुरक्षित
हादसे में केवल प्रेम नारायण (60 वर्ष) सुरक्षित बच पाए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सोरांव सीएचसी ले जाया गया, जहां से तीनों को गंभीर हालत में बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी। फिलहाल ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
