टेंपो विवाद से शुरू हुआ था झगड़ा और फिर हत्या, पुलिस ने दबोच लिया गिरोह
बरेली : यूपी के बरेली में गौरव गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। शहर की बारादरी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार देर रात आरोपियों को 99 बीघा के पास घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके चलते पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी शेखर के बाएँ पैर में गोली लगी। उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शेखर के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस (315 बोर) और एक बाइक बरामद की है। अन्य दो आरोपियों अनस और चंदन को सुरेश शर्मा नगर से गिरफ्तार किया गया।
बिहारी सोनकर ने चेहरे पर मारी थी गोली
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के ईसाइयों की पुलिया के पास बुधवार देर रात गौरव की हत्या हुई थी। बताया जाता है कि आरोपी बिहारी सोनकर ने गौरव के चेहरे पर गोली मारी थी। फायरिंग करने के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि पुलिस ने ऑटो बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मृतक एक हिंदू संगठन से जुड़ा हुआ बताया गया है।
दोस्तों और भाई के साथ खाना खाकर लौट रहा था गौरव
बिशारतगंज निवासी गौरव गोस्वामी अपने चचेरे भाई आकाश गोस्वामी और तहेरे भाई मनोज गोस्वामी के साथ शाही क्षेत्र के कुलछा में मिलने गया था। वहां से लौटते समय रात में साई किशोर होटल पर खाना खाकर बाइक से सेटेलाइट स्टैंड पहुँचे। वहां ऑटो में सवार लोगों से कहासुनी हो गई। इसके बाद ऑटो चालक अपने साथियों के साथ ईसाइयों की पुलिया पर पहुंचा। दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई। आरोप है कि ऑटो चालक के साथियों ने अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली गौरव गोस्वामी को लगी। उसको घायल अवस्था में निजी अस्पताल गंगा चरण अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानें पुलिस की बात
एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि बुधवार रात 12:30 बजे गौरव गोस्वामी निवासी विशारतगंज अपने दो भाई और दोस्तों के साथ खाना खाकर सैटेलाइट से लौट रहा था। इसी दौरान शहर के बारादरी थाना क्षेत्र की ईसाइयों की पुलिया के पास एक ऑटो में बैठे कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान बिहारी सोनकर ने अवैध तमंचे से गौरव गोस्वामी को गोली मार दी। जिसको तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मगर, गौरव गोस्वामी की मृत्यु हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता छोटेलाल की तरफ से बारादरी कोतवाली में अपराध संख्या 1067/25 में बीएनएस की धारा 190, 191(2), 115/(2), 351/(2),352, 353, 109, और 103 (1) के तहत बिहारी सोनकर, टेंपो चालक अनस, राजा, अभय, समीर, चंदन नैतिक सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
