जांच में जुटी पुलिस, भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
बरेली : यूपी के बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां सेक्टर रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक नशेड़ी युवक ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के उड़ला जागीर निवासी लोडर ड्राइवर अब्दुल हमीद (50 वर्ष) की उनके बेटे के सामने ही फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। यह घटना देर रात की है। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगा। मगर, भीड़ ने दौड़कर पकड़ा। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। इस घटना के बाद एसपी सिटी समेत तमाम पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है।
बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करता था मृतक
मृतक अब्दुल हमीद अपने बेटे नदीम के साथ जावेद की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम कर रहे थे। वह सामान दुकान पर उतारने के बाद लोडर साफ कर रहे थे। उनका बेटा दुकानदार से पैसे लेने गया था। इसी दौरान शहरोज वहां आया, और उसने फावड़े से हमला कर दिया। यह फावड़ा अब्दुल हमीद के सीने पर लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि फावड़ा मृतक के दिल के पास लगा। जिसके चलते मौके पर ही मौत हो गई।
बीड़ी मांगने पर न देने की चर्चा
हत्या के बाद कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी ने मृतक से बीड़ी मांगी थी। मगर, बीड़ी न देने पर वह भड़क गया, और फावड़े से सीने पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, सीओ आशुतोष शिवम और इंस्पेक्टर राजेश यादव घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आरोपी लंबे समय से नशेड़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शहरोज नशे का आदी है और अक्सर लोगों से रुपये या बीड़ी -सिगरेट मांगता रहता था। नशे की हालत में वह हिंसक हो गया और एक निर्दोष की जान ले बैठा। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि आरोपी ने फावड़े से हमला किया। जिसके चलते मौत हो गई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है।
