जिलाधिकारी अविनाश सिंह
बरेली : यूपी के बरेली जिले के डीएम अविनाश सिंह ने डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि इस योजना में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। यह योजना सरकार की टॉप प्रायोरिटी में है और लापरवाही करने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने नाराजगी जताई कि कुछ तहसीलों में अभी तक सर्वे आईडी एक्टिव नहीं हो सकी हैं। उन्होंने आदेश दिया कि 6 सितम्बर तक हर हाल में सभी आईडी एक्टिव हो जानी चाहिए।
सर्वे कर्मचारियों का बढ़ाया मनोबल
डीएम ने कहा कि सर्वे में लगे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना जरूरी है, तभी तय समय पर काम पूरा हो पाएगा। इसके लिए उन्होंने एडीओ पंचायतों को हफ्ते में कम से कम एक बार फील्ड विजिट करने और उपजिलाधिकारियों को रोजाना प्रगति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर और जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी समेत सभी एसडीएम मौजूद रहे।
किसानों के लिए फायदेमंद
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों के लिए बेहद फायदेमंद है और यह सीधे उनके हितों से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसमें किसी भी अफसर या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
