बरेली : उर्स-ए-रज़वी को लेकर दरगाह-ए-आला हज़रत में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी सिलसिले में दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती में आज (शनिवार) को टीटीएस रजाकारों और शहरभर की लंगर कमेटियों की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां ने की। उन्होंने बताया कि उर्स की तमाम रस्में इस्लामिया मैदान और दरगाह परिसर में सैयद आसिफ मियां की निगरानी में सम्पन्न होंगी।
जानें क्या बोले सज्जादानशीन
इस दौरान दरगाह प्रशासन ने कहा कि दुनियाभर से हज़ारों अकीदतमंद बरेली पहुंचते हैं, लेकिन ज़िला प्रशासन की व्यवस्थाएं अक्सर नाकाफ़ी पड़ जाती हैं। इस बार बारिश के मौसम को देखते हुए, शहरवासियों से विशेष अपील की गई है कि वे अपने घर, मदरसे, शादी हॉल और मेहमानखानों को जायरीन के ठहराव के लिए खोलें और लंगर सेवा में भी बढ़-चढ़कर सहयोग करें। दरगाह के नासिर कुरैशी ने बताया कि इस बार दुनिया भर से बड़ी संख्या में जायरीन उर्स में शामिल होंगे।
यह थे मौजूद
इस दौरान बैठक में शहर भर की लंगर कमेटियों के प्रतिनिधि और रजाकार शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से राशिद अली खान, हाजी जावेद खान, ताहिर अल्वी, औरंगज़ेब नूरी, शाहिद नूरी, अजमल नूरी, परवेज़ नूरी, मुजाहिद बेग, मंजूर रज़ा, शान रज़ा, और सैकड़ों नामचीन समाजसेवी मौजूद रहे।
