बरेली : यूपी के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में लोगों को दहशत में डालने वाला तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया। वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुर्गी का चारा बनाकर उसे एक पिंजरे में कैद किया। ग्रामीणों में अब राहत की लहर है। क्योंकि, यह तेंदुआ पिछले एक महीने से गांवों में खौफ का कारण बना हुआ था।
क्या है पूरा मामला ?
ग्रामीण इलाकों फैजुल्लापुर, गौंटिया, लाड़पुर, सेंथल, हरहरपुर और सनेकपुर में तेंदुआ कभी खेतों, तो कभी स्कूल के पास देखा गया। इससे किसानों का खेत जाना मुश्किल हो गया था। तेंदुए की पहली बड़ी वारदात 26 जून को बंद फैक्टरी में एक गाय पर हमला करके सामने आई। चौकीदार अजय कुमार ने बहादुरी दिखाते हुए गाय को बचाया और तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल किया। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने की कवायद शुरू की।
जानें कैसे पकड़ा गया तेंदुआ ?
तेंदुआ चतुर था। कैमरों और पिंजरों से महीनों चकमा देता रहा। इसलिए मेरठ से वन्यजीव विशेषज्ञ जीएस खुशालिया को बुलाया गया। खुशालिया की टीम ने तेंदुए के मूवमेंट को ट्रैक किया और नई रणनीति अपनाई। मंगलवार रात भारी बारिश के बीच जब तेंदुए को शिकार नहीं मिला, तब वह पिंजरे में बंद मुर्गी के लालच में फंस गया।
मौके पर जुटी भीड़ और राहत
कैद तेंदुए को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मौके पर थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह और वन विभाग की टीम भी थी। अब तेंदुए को किस सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा, इस पर निर्णय लिया जा रहा है।
