लखनऊ/वाराणसी: यूपी के पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के एक वरिष्ठ अधिशासी अभियंता (Superintending Engineer) को उपभोक्ता से अभद्रता करना महंगा पड़ गया। राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से अभियंता को निलंबित कर दिया है।बताया जा रहा है कि उपभोक्ता द्वारा एक बिल संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिस पर बातचीत के दौरान अभियंता ने न केवल बदसलूकी की, बल्कि अपमानजनक शब्दों का भी प्रयोग किया। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई। जिसके बाद ऊर्जा मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद अधिशासी अभियंता प्रशान्त सिंह को निलंबित कर दिया गया। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री ने एक्स (ट्वीटर) पर दी है। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि “बिजली उपभोक्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”उपभोक्ता संगठनों ने सरकार की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और इसे”जनसुनवाई की जीत” बताया है।
