बरेली : यूपी के बरेली में बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देख रहे एक व्यापारी को मेडिकल एडमिशन का झांसा देकर ठगों ने करीब 14 लाख रुपये की ठगी कर डाली, जब व्यापारी ने पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई। यह घटना बरेली के किला छावनी इलाके की है, जहां व्यापारी बबलू राठौर से आरोपी सुमित राज, मुवशार हुसैन और संजीव श्रीवास्तव ने खुद को मेडिकल कॉलेज एजेंट बताकर संपर्क किया।
ऐसे हुआ ‘एडमिशन रैकेट’ का खेल
नीट परीक्षा के बाद आरोपी ने बबलू राठौर को कॉल कर कहा कि बेंगलुरु के वैदेही मेडिकल कॉलेज में 1.30 करोड़ में MBBS सीट दिला सकता है। व्यापारी अपने बेटे के साथ बेंगलुरु गया। यहां होटल में तीनों से मुलाकात हुई। मौके पर 5 लाख का डिमांड ड्राफ्ट और 50 हजार नकद दिए गए। इसके बाद में बैंक ट्रांसफर और नकद मिलाकर कुल 30.96 लाख आरोपी ले चुके थे। आरोपियों ने कुछ रकम लौटाई, लेकिन जब बचे हुए 13.96 लाख मांगे गए तो टालमटोल करने लगे और फिर फोन उठाना बंद कर दिया। विरोध पर धमकी दी गई, “पैसे मांगे तो जान से मार देंगे।”
एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज
व्यापारी ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। इस पर तुरंत कार्रवाई कर किला पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी एजेंट या अनजान कॉलर से मेडिकल सीट या नौकरी के नाम पर पैसा न दें। सीधे कॉलेज या आधिकारिक चैनल से ही संपर्क करें।
