लखनऊ : यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की तैयारी शुक्रवार से शुरू होने जा रही है। 18 जुलाई से 22 जुलाई तक ग्राम पंचायतों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से वार्डों की सीमा तय कर 6 से 10 अगस्त के बीच अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। राज्य सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सारणी जारी कर दी है। जिसमें नगर निगमों और नगर पंचायतों के सीमा विस्तार से प्रभावित क्षेत्रों का परिसीमन प्राथमिकता पर करने को कहा गया है।
जिन पंचायतों पर होगा सीधा असर
सभी डीपीआरओ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लखनऊ के मलिहाबाद विकास खंड की तीन ग्राम पंचायतें – सरावां, मुजासा और फिरोजपुर अब नगर निगम सीमा में आ चुकी हैं। इन क्षेत्रों में पहले क्षेत्र पंचायत वार्डों और फिर जिला पंचायत वार्डों का परिसीमन किया जाएगा। इसके साथ ही यूपी के कई जिलों की काफी ग्राम पंचायत नगर निकाय में शामिल हो चुकीं हैं।
पंचायत चुनाव की टाइमलाइन 2025 (निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार):
18 जुलाई से 22 जुलाई तक ग्राम पंचायतों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। 23 जुलाई से 28 जुलाई तक वार्ड परिसीमन की प्रस्तावित सूची तैयार कर प्रकाशित की जाएगी। 29 जुलाई से 2 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज होंगी। 3 अगस्त से 5 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण, और 6 अगस्त से 10 अगस्त तक अंतिम निर्वाचन क्षेत्र सूची का प्रकाशन होगा।
