बरेली : यूपी की बरेली केंद्रीय जेल (Central Jail Bareilly) में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे 32 वर्षीय कैदी मुकेश कुमार ने जेल परिसर में आत्महत्या कर ली। यह घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित जेल की मानसिक रोगी बैरक नंबर 6 और 7 की है। यहां मुकेश कुमार को रखा गया था। वह उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के जगन्नाथपुर गांव का निवासी था और साल 2021 में POCSO एक्ट के तहत दोषी पाए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा मिली थी।
जानें कैसे हुई घटना?
जेल प्रशासन के अनुसार मुकेश पिछले कई महीनों से अवसाद (Depression) से जूझ रहा था और उसकी दवाएं चल रही थीं। उसे विशेष निगरानी में मानसिक रोगियों के बैरक में रखा गया था। इसके बावजूद वह बैरक के बरामदे में एंगल से गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या करने में सफल रहा।
कर्मचारियों पर लापरवाही की जांच
इस घटना के बाद जेल प्रशासन सकते में है और उन जेलकर्मियों को चिन्हित करने में जुटा है। जिनकी निगरानी में चूक हुई। जेलर नीरज कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेटी जांच की सिफारिश की जाएगी। इज्जतनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है।
