देवरनियां/ बरेली : सावन के माह में जब पुलिस कांवड़ सुरक्षा में व्यस्त है, तो बरेली जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सर्राफ से लूट की वारदात को अंजाम दिया। व्यापारी ने नकाबपोश बदमाशों के जेवर, 70 हजार नकद, मोबाइल और बाइक की चाबी लूटकर फरार होने का आरोप लगाया है। खास बात ये रही कि तीन थानों की सीमा में उलझी रही पुलिस घंटों तय नहीं कर पाई कि एफआईआर कहां दर्ज हो।
जानें पूरा मामला ?
सर्राफ विनोद कुमार रस्तोगी, निवासी धौराटांडा (थाना भोजीपुरा), की दुकान बंजरिया जागीर (थाना शेरगढ़) में है। वह शाम करीब 5 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में कुआटांडा मोड़ पर तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका। बदमाशों ने मारपीट कर उनका मोबाइल, सोने-चांदी के पुराने जेवरों से भरा बैग, 70,000 नगद, दुकान और बाइक की चाबी लूट ली। वारदात के बाद एक बदमाश की बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई जिससे अंदेशा है कि जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस उलझी रही थानों के सीमा विवाद में
घटना स्थल तीन थानों शेरगढ़, भोजीपुरा और देवरनियां की सीमाओं के बीच होने के कारण पुलिस देर रात तक यह तय ही नहीं कर पाई कि रिपोर्ट कहां दर्ज की जाए। मौके पर लेखपाल बुलाकर सीमा तय की गई। इसके बाद केस देवरनियां थाने में दर्ज हुआ। देवरनियां पुलिस ने बहेड़ी सीओ के नेतृत्व में 8 टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
देवरनियां थाना प्रभारी अशुतोष द्विवेदी का दावा
“तीन दिन में लूट का खुलासा कर दिया जाएगा। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सावन में पहले से कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह से व्यस्त है। ऊपर से इस लूट की वारदात ने देवरनियां थाना समेत बरेली पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। देवरनियां थाना बरेली-नैनीताल हाइवे पर स्थित है, जहां सावन में भारी दबाव रहता है।
