एजेंसी
नई दिल्ली : स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित देश के सबसे बड़े स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजे गुरुवार को घोषित कर दिए गए हैं। इंदौर ने एक बार फिर भारत के सबसे साफ शहर का ताज अपने नाम कर लिया है, जबकि अहमदाबाद ने इस बार बड़े शहरों की सूची में नंबर 1 रैंक पाकर सबको चौंका दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 75 शहरों को 74 विभिन्न श्रेणियों में अवॉर्ड प्रदान किए। देश के तीन सबसे स्वच्छ शहर में इंदौर (मध्य प्रदेश), अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) और कर्नाटक का मैसूर है। मगर, अभी यूपी के बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, कानपुर इलाहाबाद (प्रयागराज) आदि शहरों की सूची जारी नहीं की गई है।
10 लाख से अधिक आबादी वाले स्वच्छ शहरों में लखनऊ शामिल
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में गुजरात का अहमदाबाद प्रथम स्थान पर, मध्य प्रदेश का भोपाल दूसरे और यूपी की राजधानी लखनऊ तीसरे स्थान पर है। इसी तरह से सुपर स्वच्छ लीग’ में अवॉर्ड पाने वाले शहर में इंदौर, सूरत (बेस्ट इन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) और नवी मुंबई (बेस्ट सिटीजन फीडबैक) हैं।
‘ईच वन-क्लीन वन’ की नई पहल
कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने स्वच्छता अभियान की नई पहल की घोषणा की। बोले “हर साफ शहर अब एक दूसरे शहर को स्वच्छता में मदद करेगा।”यह नई पहल ‘Each One Clean One’ के नाम से चलाई जाएगी, जो ‘Each One Teach One’ की तर्ज पर काम करेगी।
बरेली की पिछली बार 80वीं रैंक, 2025 की घोषणा बाकी
पिछले साल बरेली को 80वीं रैंक मिली थी। हालांकि, इस साल के नतीजे अब तक घोषित नहीं हुए हैं। 17 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में बरेली नगर निगम को आमंत्रित किया गया है। इसमें अनुमान लगाया जा रहा है कि बरेली की रैंक में इस बार सुधार संभव है।
केंद्रीय मंत्री बोले: “स्वच्छता से समृद्धि तक पहुंचा भारत”
मंत्री ने कहा, “स्वच्छता सिर्फ एक मिशन नहीं, भारत की पहचान बन चुकी है। मोदी सरकार ने 70 सालों में पहली बार स्वच्छता को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया।”
