सोनभद्र/लखनऊ : यूपी के सोनभद्र जिले के ऐतिहासिक विजयगढ़ किले में स्थित एक मजार पर दुखद घटना सामने आई है। मजार की देखभाल करने वाले 60 वर्षीय मुजावर इब्राहीम उर्फ चिल्लर की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर आरोपी रवि कनौजिया को हिरासत में ले लिया है।
जानें पूरा मामला

मृतक इब्राहीम, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के नरोखर गांव के निवासी थे और वर्षों से विजयगढ़ किले पर मीरान शाह की मजार की सेवा कर रहे थे। वह झाड़-फूंक और धार्मिक अनुष्ठानों में भी भूमिका निभाते थे। आरोपी रवि कनौजिया, जो कथित रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पहले भी झाड़-फूंक के सिलसिले में मजार पर आता था। वह रामसरोवर तालाब में स्नान करने के बाद मजार पर पहुंचा और वहां मौलवी के बारे में पूछताछ की, जब इब्राहीम ने खुद को मजार का मुजावर बताया, तो रवि ने अचानक लाठी से उनके सिर पर हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी हिरासत में, मानसिक जांच जारी
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मीडिया को बताया कि आरोपी को रामपुर बरकोनिया पुलिस ने हिरासत में लेकर मर्डर की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है और उसे लेकर चिकित्सकीय मूल्यांकन कराया जा रहा है। रवि कनौजिया ने झाड़-फूंक से लाभ न मिलने की नाराजगी जताई थी, जो हत्या का कारण बना।
पोस्टमार्टम और पुलिस जांच
शव को जिला अस्पताल लोढ़ी भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। परिवार से पूछताछ के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। मृतक के भतीजे अरशद ने बताया कि आरोपी युवक ने सुबह मजार पर आकर उनके चाचा से पूछा, “यहां का मौलवी कौन है?” जब उन्होंने बताया कि वे ही देखभाल करते हैं, तो बिना किसी चेतावनी के लाठी से हमला कर दिया।
