बदायूं/बरेली : यूपी के बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सिर्फ 18 दिन पहले ब्याही गई दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई। जिससे सदमे में आए नवविवाहित पति की मौत हो गई। यह घटना दातागंज कस्बे की है, जहां रहने वाले रमेश की शादी 22 अप्रैल 2025 को अलापुर थाना क्षेत्र के ढका दियोरार गांव निवासी युवती हिमांशी उर्फ मानसी से हुई थी।
नशीला पदार्थ खिलाकर फरार हुई पत्नी
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद हिमांशी का व्यवहार असामान्य रहने लगा था। वह घंटों किसी से मोबाइल पर बातचीत करती थी और पूछने पर मायकेवालों का नाम लेकर बात को टाल देती थी। 10 जून की रात को वह कथित तौर पर रमेश के घरवालों को नशीला पदार्थ खिला कर घर में रखे कैश और गहने लेकर अपने प्रेमी संग फरार हो गई।
पति की टूट गई हिम्मत, 7 दिन भूखा रहा, फिर मौत
इस घटना ने रमेश को अंदर से झकझोर दिया। उसने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। पति रमेश पर ससुराल पक्ष ने उल्टे आरोप लगाना शुरू कर दिया और धमकियां दी जाने लगीं। परिजनों के मुताबिक रमेश एक हफ्ते से न कुछ खा रहा था, न सो पा रहा था। मानसिक तनाव, अपमान और प्रेम में वियोग के चलते रमेश की तबीयत बिगड़ गई और रविवार रात उसकी मौत हो गई।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
दातागंज इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने मीडिया को बताया कि थाने पर इस मामले की कोई लिखित शिकायत पहले नहीं दी गई थी। अब मामला संज्ञान में आया है और तत्काल जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
