सपा प्रमुख ने फार्म-6 और फार्म-7 में बदलाव को लेकर उठाए सवाल, SIR पर जताई चिंता, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का घर ढहाने पर भाजपा को घेरा, सरकार बनने पर संग्रहालय बनाने का किया ऐलान
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर मतदाताओं के अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फार्म-6 व फार्म-7 में किए गए बदलावों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी कराने की कोशिश कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के बहाने गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के वोट काटने की साजिश हो रही है।
SIR को लेकर भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक वायरल बयान का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों को मतदाता सूची से जोड़ने का आधार बनाया जा रहा है, तो बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील का क्या होगा? उन्होंने कहा कि बच्चे वयस्क नहीं हैं और उनके पास वोटर आईडी या EPIC नंबर नहीं होता। उन्होंने मुख्यमंत्री के बताए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख लाभार्थियों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। अन्य नामों को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब तीन करोड़ तक पहुंचने की आशंका जताई। सपा अध्यक्ष ने बुजुर्गों की बायोमेट्रिक समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिक उम्र के कारण जिन लोगों के फिंगरप्रिंट या आंखों की पहचान में दिक्कत आती है, उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने PDA प्रहरियों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें।
फार्म-6 और फार्म-7 में बदलाव पर चुनाव आयोग से मांगा जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से जुड़े फार्म-6 और फार्म-7 में बदलाव करके फर्जी वोट बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि फार्म-6 से घोषणा पत्र हटाए जाने के मामले में चुनाव आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने राशन कार्ड धारकों में मतदाता तलाशने और दूसरे राज्यों के लोगों को उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में शामिल कराने की आशंका भी जताई। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है और उसे अपनी निष्पक्षता तथा विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए। सपा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि फर्जी मतदान और मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने यह भी मांग की कि SIR और SSR के दौरान कथित अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
बिस्मिल्लाह खां के घर के हिस्से को ढहाने पर जताई नाराज़गी
उन्होंने वाराणसी में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान के एक हिस्से को ढहाए जाने पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?” अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े लोग कला और कलाकारों के हमेशा खिलाफ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कला समाज में सकारात्मक बदलाव, सहृदयता और सहनशीलता को बढ़ावा देती है। भारत रत्न से सम्मानित उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाना देश के सम्मान से जुड़ा मामला है। सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की सांगीतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाया जाएगा।
छोटी दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने छोटी दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
