छह नवंबर की रात दुबई में हुआ भारत-पाकिस्तान के मुक्केबाजों का मुकाबला, होटल की नौकरी छोड़ बॉक्सिंग में बनाया करियर; बरेली से अमेरिका तक मनाई गई जीत की खुशी
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी भारतीय मुक्केबाज अदनान अहमद ने दुबई में पाकिस्तानी बॉक्सर अबूबकर शेख को हराकर जीत दर्ज की। छह नवंबर की रात आयोजित इस मुकाबले में दोनों देशों के मुक्केबाज आमने-सामने थे। अदनान की जीत की खबर मिलते ही उनके परिवार और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बरेली, बदायूं और अमेरिका के कई शहरों में भी उनकी जीत का जश्न मनाया गया।
होटल की नौकरी छोड़ बॉक्सिंग में बनाया करियर
अदनान अहमद विकास भवन से सेवानिवृत्त सलमान जमीर के बेटे हैं। उन्होंने बरेली के हार्टमन कॉलेज से इंटरमीडिएट और गोवा के एक कॉलेज से बीएससी होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने फाइव स्टार होटल हयात ग्रांड में नौकरी शुरू की। हालांकि, फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के प्रति उनका जुनून उन्हें खेल की दुनिया में ले आया। इसी लगन के चलते उन्होंने होटल की नौकरी छोड़कर बॉक्सिंग को अपना करियर बनाया। कड़ी मेहनत और अभ्यास के बाद उन्होंने दुबई में पाकिस्तानी मुक्केबाज अबूबकर शेख को हराया।
बरेली और बदायूं में आतिशबाजी कर मनाई खुशी
अदनान की जीत की खबर मिलते ही बरेली की आनंद विहार कॉलोनी स्थित उनके आवास और बदायूं के पैतृक गांव रमजानपुर में आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। परिजनों ने बताया कि संभल स्थित उनकी ननिहाल में भी खुशी का माहौल रहा।
अमेरिका में भी समर्थकों ने मनाया जश्न
अदनान की जीत की खुशी सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रही। उनके सहपाठियों और परिचितों ने अमेरिका के बोस्टन और फिलाडेल्फिया में भी जीत का जश्न मनाया। दुबई में मिली इस सफलता से अदनान के परिवार और शुभचिंतकों में उत्साह है।
