करीब 25 दिनों से गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी पुलिस, मंत्री रेखा आर्य ने पति पर धोखाधड़ी और प्रताड़ना के आरोप लगाकर दर्ज कराया था मुकदमा
देहरादून : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस करीब 25 दिनों से उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मामले की जांच एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में गठित एसआईटी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुके हैं।
पत्नी रेखा आर्य ने दर्ज कराया था मुकदमा
जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद रेखा आर्य ने एक वीडियो जारी कर साहू पर गंभीर आरोप लगाए थे। रेखा आर्य का आरोप है कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी और उन्हें प्रताड़ित किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धोखाधड़ी कर उन्हें कंपनियों से बाहर किया गया और उनके जाली हस्ताक्षर कराए गए। इन आरोपों की जांच एसआईटी कर रही है।
नेपाल भागने की भी जताई जा रही थी आशंका
मामले की जांच के दौरान एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू के कई करीबियों से पूछताछ की। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच उनके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही थी, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उन्हें झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत
गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी ने गिरफ्तारी से बचने और रेखा आर्य की ओर से दर्ज एफआईआर निरस्त कराने के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया था। हालांकि, सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद से ही उनकी गिरफ्तारी को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। अब पुलिस ने उन्हें झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।
