धनतेरस पर ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत सजा मंडी परिसर, मंडी सचिव और कर्मचारियों की पहल की विधायक ने की सराहना
पीलीभीत : बीसलपुर मंडी समिति में धनतेरस के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत पूरे मंडी परिसर को 501 दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। धान की आवक से गुलजार मंडी परिसर दीपों की रोशनी और झालरों की जगमगाहट से आकर्षक नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा विधायक विवेक कुमार वर्मा ने भी दीप जलाकर दीपोत्सव में हिस्सा लिया।
दीपों और झालरों से सजा मंडी परिसर

मंडी समिति में चारों ओर दीपों की रोशनी, फूलों की सजावट और रंग-बिरंगी झालरों ने उत्सव का माहौल बना दिया। मंडी सचिव नाजिम अली और कर्मचारियों की ओर से की गई इस सजावट से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। विधायक विवेक कुमार वर्मा ने सजावट की सराहना करते हुए मंडी सचिव और सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
किसानों की सुविधा के लिए बनवाई गईं सड़कें

मंडी सचिव नाजिम अली ने बताया कि धान की खरीद शुरू होने से पहले ही मंडी की सड़कों का निर्माण कराया गया है, ताकि धान लेकर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर भी उनके परिवार की तरह है, इसलिए धनतेरस और दीपावली के अवसर पर इसे घर की तरह सजाया गया है।
व्यवस्था सुधारने पर भी दिया जा रहा जोर
बीसलपुर मंडी में सड़कों के निर्माण और दीपोत्सव की पहल को मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। 501 दीप जलाकर आयोजित कार्यक्रम में मंडी के कर्मचारियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
