पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि, महामंत्री बसंत चतुर्वेदी गोरखपुर पहुंचे अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के केंद्रीय अध्यक्ष कॉमरेड के.एल. गुप्ता के निधन से पूर्वोत्तर रेलवे के रेल कर्मचारियों और संगठन के पदाधिकारियों में शोक की लहर है। उनके निधन को कर्मचारी संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए नरमू के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने इज्जतनगर मंडल कार्यालय में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नरमू के मंडल मीडिया प्रभारी आरिफ हुसैन ने बताया कि केंद्रीय अध्यक्ष के निधन का समाचार मिलते ही संगठन से जुड़े कर्मचारियों और पदाधिकारियों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। इज्जतनगर मंडल कार्यालय में आयोजित शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कॉमरेड के.एल. गुप्ता के संगठन के प्रति योगदान, संघर्ष और रेल कर्मचारियों के हितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।शोक सभा में इज्जतनगर मंडल मंत्री कॉमरेड रोहित सिंह, कारखाना मंडल मंत्री कॉमरेड परवेज अहमद, कारखाना मंडल अध्यक्ष कॉमरेड अनुराग शुक्ला, कॉमरेड धर्मपाल सिंह और कॉमरेड राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना कर्मचारी संगठन के लिए बड़ी क्षति है।
गोरखपुर से अंतिम दर्शन को पहुंचे महामंत्री
नरमू के महामंत्री कॉमरेड बसंत चतुर्वेदी उस समय संगठनात्मक बैठक के सिलसिले में गोरखपुर में मौजूद थे। केंद्रीय अध्यक्ष के.एल. गुप्ता के निधन की सूचना मिलते ही वह तत्काल उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे। उन्होंने उनके अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया। शोक सभा में पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने कॉमरेड के.एल. गुप्ता के संगठनात्मक योगदान और कर्मचारी हितों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। सभी ने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
