जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेलों में 13 खिलाड़ियों ने हासिल किए 5 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक
बरेली : जापान के आइची -नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेल-2026 में उत्तर प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 खिलाड़ियों ने कुल 16 पदक हासिल किए। इनमें पांच स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शनिवार को बरेली स्थित बीएल एग्रो स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बीएल एग्रो और उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन जेपी सिंह, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष सुमति मिश्रा, बीएल एग्रो के चेयरमैन डॉ. घनश्याम खंडेलवाल और मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष खंडेलवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कृष्णा पब्लिक स्कूल के कक्षा दो से चार तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ की प्रस्तुति से की।
सिमरन शर्मा और आयुष वर्मा ने जीते स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता में सिमरन शर्मा ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रवीण कुमार ने हाई जंप और सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं आयुष वर्मा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण और शॉट पुट में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रीति पाल समेत खिलाड़ियों ने जीते रजत और कांस्य पदक

प्रीति पाल ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा प्रदीप कुमार, अजीत सिंह यादव, राम रतन सिंह, वरुण सिंह भाटी और स्वाति चौधरी ने रजत पदक जीते। अनुभव चौधरी, प्राची पांडे और सुहास यथिराज ने कांस्य पदक हासिल किए।
खिलाड़ियों की सफलता मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम
कार्यक्रम में जेपी सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां दूसरे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। बीएल एग्रो के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष खंडेलवाल ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की सफलता दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम का उदाहरण है। बीएल एग्रो प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समावेशी खेल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष सुमति मिश्रा ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, बीएल एग्रो के चेयरमैन डॉ. घनश्याम खंडेलवाल, जेपी सिंह और खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया।
