बरेली के सीबीगंज क्षेत्र के तिलियापुर गांव में कार्रवाई के दौरान पुलिस से भिड़े परिजन और अन्य लोग, एक वारंटी को छुड़ाने का आरोप, पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी और नेम प्लेट-बिल्ले नोचने का आरोप
बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव में वारंटी भाइयों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने एक वारंटी को हिरासत में लिया तो उसके परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का -मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक वारंटी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया गया। दरोगा की पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया, जबकि एक सिपाही की वर्दी फाड़कर उसकी नेम प्लेट और बिल्ले नोचने का आरोप है। इस घटना में दरोगा और एक सिपाही घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम दरोगा पवन शर्मा पुलिस टीम के साथ वारंटी भाइयों भोला और लईक पुत्र शर्फुद्दीन उर्फ सिपइया को गिरफ्तार करने तिलियापुर गांव पहुंचे थे। टीम में कांस्टेबल अरविंद कुमार, अंजलि, सचिन धामा और संजय कुमार भी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक वारंटी को हिरासत में लिया। इसी बीच आरोप है कि महिलाओं और पुरुषों समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम से भिड़ गए। धक्का -मुक्की और मारपीट के बीच एक वारंटी को छुड़ा लिया गया।
हमले के दौरान दरोगा की पिस्टल छिनने का आरोप
इस हमले के दौरान दरोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश की गई और सिपाही अरविंद कुमार की वर्दी फाड़कर नेम प्लेट व बिल्ले नोच लिए गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को वहां से निकलना पड़ा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके पर स्थिति नियंत्रित की और वारंटी को दोबारा हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
12 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने भोला, लईक, नेहा, कुबरा, आदिल, शमीम, तौहीद, साबिर, जाहिद, राशिद, शाहिद और इमरान समेत 12 नामजद आरोपियों तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार वारंटी की तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी बोले- पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
एसपी सिटी चिराग जैन ने मीडिया को बताया कि वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तिलियापुर गांव गई थी। इस दौरान वारंटी के परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालते हुए हमला कर दिया और एक वारंटी को छुड़ा लिया। पुलिस ने दूसरे वारंटी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
