22 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक परिवार से निवेश कराए 75 लाख रुपये, कोर्ट के आदेश पर कंपनी मालिक कन्हैया गुलाटी, पत्नी और एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली : कैनविज चिटफंड कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामलों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। ताजा मामला बिथरी चैनपुर थाने में दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी के एजेंट ने 22 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक परिवार से 75 लाख रुपये निवेश कराए, लेकिन बाद में कंपनी संचालक कन्हैया गुलाटी परिवार समेत फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर अदालत के आदेश से कंपनी मालिक, उसकी पत्नी और एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शहर के बिथरी चैनपुर के मोहनपुर निवासी प्रमोद कुमार के मुताबिक, उन्होंने अपने नाम से 10 लाख, मां के नाम से 55 लाख और भाई के नाम से 10 लाख रुपये निवेश किए थे। निवेश के बदले चेक दिए गए थे। बाद में आरोपी से संपर्क भी बंद हो गया, जिसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
12 थानों में 101 मुकदमे, ईओडब्ल्यू कर रही जांच
कैनविज कंपनी और उसके संचालकों के खिलाफ बरेली के 12 थानों में अब तक 101 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें 62 मामलों की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) को सौंपी गई है। बाकी मामलों की जांच एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है। एसआईटी 12 मामलों में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी इस मामले की जांच कर रहा है।
50 हजार का इनाम, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर
कंपनी के फरार संचालक कन्हैया गुलाटी पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस कुछ छोटे एजेंटों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी और उसके प्रमुख एजेंटों की तलाश जारी है।
