उघैती थाना क्षेत्र के खंडुवा गांव के पास हुआ हादसा, साइकिल से स्कूल जा रही थी कक्षा छह की छात्रा प्रियंका; पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली
बदायूं: जिले के उघैती थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। खंडुवा गांव के पास साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
साइकिल से स्कूल जा रही थी प्रियंका
कुबरी गांव निवासी सोपाली की 12 वर्षीय बेटी प्रियंका खंडुवा गांव स्थित सुधारानी मॉडल पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे प्रियंका रोजाना की तरह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही वह खंडुवा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली
सूचना मिलने पर उघैती थाना प्रभारी उदयवीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि घटनास्थल पर जांच की गई है और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रा के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
