संजय गांधी मेमोरियल सेंटर में मतगणना की तैयारियां पूरी, प्रत्याशियों के आठ-आठ एजेंटों को प्रवेश की अनुमति, सुरक्षा के लिए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे
बरेली : बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मंगलवार को बरेली में मतगणना के साथ 17 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। इसके लिए प्रशासन ने संजय गांधी मेमोरियल सेंटर में तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना के दौरान आठ टेबलों पर मतपत्रों की गिनती होगी, जबकि एक टेबल रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) के लिए निर्धारित की गई है। इस तरह कुल नौ टेबलों पर मतगणना की व्यवस्था की गई है। 23 अक्टूबर को हुए मतदान में कुल 35,146 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अब इन मतपत्रों की गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच मुकाबले पर खास नजर है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
35,146 मतपत्रों की होगी गिनती

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मतदान में 73.69 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया। कुल 35,146 मतपत्रों की गिनती की जानी है। मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। मतगणना में तैनात कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है।निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतों की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी। प्रशासन का जोर मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।
भाजपा और सपा के प्रत्याशियों पर टिकी नजरें
इस चुनाव में भाजपा ने डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को प्रत्याशी बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से हाजी दानिश अख्तर चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं। इनके अलावा 15 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें संजय कुमार मित्रा, राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी और नेत्रपाल शामिल हैं। मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिक्षक मतदाताओं ने किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना समर्थन जताया है।
प्रत्याशियों के आठ-आठ एजेंटों को मिलेगा प्रवेश

मतगणना स्थल पर प्रवेश और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार के अनुसार, प्रत्येक प्रत्याशी अपने आठ मतगणना एजेंटों के साथ परिसर में प्रवेश कर सकेगा। मतगणना केंद्र में कर्मचारियों और एजेंटों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं, ताकि व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी न हो। प्रत्याशियों के समर्थकों को मतगणना स्थल से 100 मीटर की दूरी पर रहना होगा। केंद्र की निगरानी के लिए परिसर में 15 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जीतने वाले प्रत्याशी को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
मतगणना से एक दिन पहले सोमवार सुबह अधिकारियों ने संजय गांधी मेमोरियल सेंटर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बैरिकेडिंग, मतगणना टेबलों, कुर्सियों, प्रवेश द्वारों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मतगणना में तैनात कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और रिजर्व कर्मियों की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के लिए किए गए इंतजाम, पेयजल की उपलब्धता और मतपत्रों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी परखी गई।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त शंभू कुमार,डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी, अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतगणना कराने के निर्देश दिए।
परिणाम पर टिकीं राजनीतिक दलों की निगाहें

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव का परिणाम क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के बीच मुकाबले के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी। मतगणना के बाद सामने आने वाला परिणाम ही तय करेगा कि शिक्षक मतदाताओं का समर्थन किस प्रत्याशी को मिला है।
