शाही थाने के पास सुबह दूध गर्म करने के दौरान हुआ हादसा, धमाके से इलाके में मची अफरा-तफरी,फोरेंसिक टीम कर रही जांच
बरेली: यूपी के बरेली जिले के शाही कस्बे में शुक्रवार सुबह गैस लीकेज के कारण एक घर की रसोई में जोरदार धमाका हो गया।धमाका इतना तेज था कि मकान के दरवाजे और शीशे टूटकर बाहर जा गिरे। हादसे में राधा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह सुमित शर्मा के भाई अंकित शर्मा की पत्नी हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।जानकारी के मुताबिक, शाही थाने के पास सुमित शर्मा का मकान है। वह दवा बेचने का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह राधा रसोई में दूध गर्म करने गई थीं। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि रात में गैस खुली रह जाने से रसोई में गैस जमा हो गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
धमाके से मकान में भारी नुकसान

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 500 गज में बने मकान के दरवाजे और शीशे टूटकर बाहर जा गिरे। रसोई के बाहर बरामदे में रखा फर्नीचर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान में कई जगह नुकसान होने से परिवार में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी

हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ मीरगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
जांच के बाद स्पष्ट होगा धमाके का कारण
प्रारंभिक जानकारी में गैस लीकेज को धमाके की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है कि गैस किस तरह लीक हुई और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
