बरेली: फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के कुरतरा गांव में दिव्यांग दीपचंद्र (41) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के छोटे भाई सतीश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दो बीघा जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी के साथ पुरानी रंजिश भी हत्या की वजह बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को 23 अक्टूबर की सुबह रहपुरा अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया।
बिस्तर पर मिला था दीपचंद्र का शव
21 अक्टूबर की सुबह दीपचंद्र का शव उनके घर में बिस्तर पर मिला था। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक उनके नहीं उठने पर परिवार की महिला सदस्य पूजा चाय लेकर कमरे में पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दीपचंद्र को हिलाकर देखा। इस दौरान उनके मृत होने का पता चला, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के भाई कन्हई की तहरीर पर 22 अक्टूबर को छोटे भाई सतीश पुत्र ओमप्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
दो बीघा जमीन को लेकर भाइयों में था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सतीश ने बताया कि उसके पिता ने दो बीघा जमीन गिरवी रखी थी। दीपचंद्र ने रुपये देकर जमीन छुड़ाई थी और बाद में उस पर खेती करने लगा था। आरोप है कि दीपचंद्र सतीश को उस जमीन पर खेती नहीं करने देता था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में दीपचंद्र ने सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना के बाद से सतीश अपने बड़े भाई से रंजिश रखने लगा था।
सोते समय चाकू से वार और गला दबाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 अक्टूबर की मध्यरात्रि को दीपचंद्र मेला देखकर घर लौटे थे और अपने कमरे में सो गए थे। आरोप है कि परिवार के अन्य सदस्यों के सो जाने के बाद सतीश उनके कमरे में पहुंचा और सोते समय छोटे चाकू से उनके चेहरे पर वार किया। इसके बाद लकड़ी के डंडे से हमला कर उनका गला दबा दिया। पुलिस ने घटनास्थल से लकड़ी का डंडा, छोटे चाकू वाला चाबी का गुच्छा और कैंची समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। पुलिस ने 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर आरोपी सतीश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
