दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज के बाहर कहासुनी के बाद चले लात-घूंसे, घायल छात्र अरसलान की तहरीर पर छह छात्रों के खिलाफ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा कस्बे में दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। कक्षा 12 के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते कहासुनी और फिर मारपीट में बदल गया। इस घटना में छात्र अरसलान घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कॉलेज के बाहर सड़क किनारे मारपीट
जानकारी के मुताबिक, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 12 के छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों गुटों के छात्र कॉलेज के बाहर सड़क किनारे आमने -सामने आ गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान लात-घूंसे चलने से छात्र अरसलान घायल हो गया।
छात्र की शिकायत पर छह के खिलाफ मुकदमा
इस घटना के बाद घायल छात्र अरसलान ने पुलिस से शिकायत की। रिठौरा चौकी इंचार्ज राजीव शर्मा के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर के आधार पर छह छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानें क्या बोले सीओ नवाबगंज
सीओ नवाबगंज ने मीडिया को वीडियो जारी कर बताया कि थाना हाफिजगंज क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट भिड़ गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
