जिला अस्पताल में प्रदर्शन कर सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, कर्मचारी का दर्जा, स्वास्थ्य बीमा और काम की समय-सीमा तय करने की उठाई मांग
बरेली : मानदेय बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने और कर्मचारी का दर्जा दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला अस्पताल में धरना -प्रदर्शन किया। ताहिरा खातून के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 23 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर हड़ताल और धरना -प्रदर्शन किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों को जिम्मेदारी के साथ निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने वर्तमान में मिलने वाले दो हजार रुपये के मानदेय को बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई। साथ ही उन्हें कर्मचारी का दर्जा देकर अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
स्वास्थ्य बीमा और काम की समय-सीमा तय करने की मांग
धरने के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने और उनके काम की समय-सीमा निर्धारित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान उनकी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा जिला अस्पताल में आने वाली आशा कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए अलग कमरे की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई, ताकि उन्हें अस्पताल परिसर में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
23 अक्टूबर को लखनऊ जाने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रही हैं। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे 23 अक्टूबर को लखनऊ जाकर हड़ताल और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगी।
ताहिरा खातून के नेतृत्व में जुटीं आशा कार्यकर्ता
धरना-प्रदर्शन में ताहिरा खातून, विनीता मिश्रा, निशा, रेनू शर्मा, मंजू,रजनी, रिचा,शिवांगी सक्सेना,मंजू सक्सेना,रश्मि गुप्ता,संगीता यादव,राहिना परवेज,आरती,मीरा शर्मा,आशा देवी,शबाना, शाहीन खान, नेहा, सीमा, जाहिरा बानो, रामा देवी, राजबाला, रेखा रानी, रिचा मिश्रा, रीता मौर्य, भगवान देवी, आयशा, रीना, किरन, ऊषा, मोहिनी, कमला, अर्चना, गीता, नीतू, मिथलेश मौर्य, मिथलेश राठौर, मिथलेश गंगवार, गुड्डी देवी, शशि शर्मा और निशा समेत अन्य आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
