बीसलपुर क्षेत्र के गोरक्ष पीठ आश्रम में 26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक प्रस्तावित है श्रीराम कथा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण; मुख्यमंत्री कार्यालय से आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन नवंबर को पीलीभीत जिले के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के न्यूरानपुर मढ़ी स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम में श्रीराम कथा के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी आधिकारिक कार्यक्रम और मिनट-टू-मिनट प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है।
26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक होगी श्रीराम कथा

न्यूरानपुर मढ़ी स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम में महंत योगी हनुमान नाथ के तत्वावधान में 26 अक्टूबर से तीन नवंबर तक श्रीराम कथा का आयोजन प्रस्तावित है। कथा के समापन दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने आश्रम परिसर और आसपास के संपर्क मार्गों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आवागमन सुगम बनाने के लिए दो पुलियों का निर्माण कराने और करीब 800 मीटर रास्ते पर खड़ंजा बिछाने के निर्देश दिए। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने को कहा गया।
डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी आलोक कुमार और एसपी सुकीर्ति माधव ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कथा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहा है। इस बीच विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता ने भी न्यूरानपुर मढ़ी पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने मुख्यमंत्री के आने की कही बात
बीसलपुर से भाजपा विधायक विवेक वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम कथा में शामिल होने आएंगे। हालांकि, उनके आगमन के दौरान जनसभा आयोजित करने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिले हैं। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे की अंतिम पुष्टि आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही होगी।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी | पीलीभीत
