रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुआ था खूनी संघर्ष, लाइसेंसी राइफल और तमंचा बरामद; मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई
पीलीभीत : अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब के विवाद में हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके चाचा संतोष गुप्ता और पिता नरेश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में सात नामजद समेत कुल 13 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी राइफल, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से संबंधित कार बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद हथियारों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है।
घटना की रात ही तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, तिहरे हत्याकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं। घेराबंदी कर घटना की रात ही कौशल गुप्ता, संतोष गुप्ता और नरेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद तीनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की लाइसेंसी राइफल, 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और घटना से संबंधित कार बरामद करने की बात कही है। अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुई थी रंजिश
दरअसल, अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के चंदे और हिसाब-किताब को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार रात कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के साथ फायरिंग हुई। गोली लगने से कारोबारी सगे भाइयों अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, घटनास्थल से गुजर रहे 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव की भी जान चली गई। घटना में रोज गुप्ता घायल हुआ था, जिसका उपचार चल रहा है।
तीन दिन पहले भी हुई थी कहासुनी, धमकी देने का आरोप
मृतक अंकित के भाई रोहित गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर के मुताबिक, घटना से तीन दिन पहले अंकित और मोहित की कौशल गुप्ता से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस दौरान परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 12 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे आरोपी अपने साथियों के साथ दुकान के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाइसेंसी राइफल, तमंचे और बांकों से हमला किया गया। तहरीर में कौशल गुप्ता पर अंकित को गोली मारने और संतोष कुमार गुप्ता पर मोहित को गोली मारने का आरोप है। वहीं, हर्षित और रचित पर ओम तथा संचित पर रोज के सिर पर बांके से हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी आरोपों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
राइफल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
प्रशासन ने आरोपी संतोष गुप्ता की लाइसेंसी राइफल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूसों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के मुताबिक, तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है और बरामद हथियारों सहित दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
शासन स्तर से भी लिया गया घटना का संज्ञान
अमरिया में तिहरे हत्याकांड के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। घटना के कारणों, पुलिस की कार्रवाई और अन्य बिंदुओं पर जिलाधिकारी आलोक कुमार के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजे जाने की जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस शेष आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
