फिजिकल परीक्षा के दौरान दौड़ते समय अचानक बेहोश होकर गिरा अभ्यर्थी, जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान बरेली के एक अभ्यर्थी की मौत हो गई। दौड़ में शामिल शिवम यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दौड़ते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि शिवम यादव होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के लिए मुरादाबाद पहुंचा था। परीक्षा के दौरान वह दौड़ में शामिल हुआ। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में बेहोश होकर गिर पड़ा। अभ्यर्थी के मैदान में गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शिवम यादव की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस के मुताबिक, मौत के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में छाया मातम
शिवम यादव के निधन की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, वहां मातम छा गया। होमगार्ड भर्ती में शामिल होने और सरकारी नौकरी पाने की उम्मीद लेकर मुरादाबाद पहुंचे शिवम की अचानक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद अभ्यर्थी की मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
