दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन रज़ा क़ादरी अदा करेंगे परचम कुशाई की रस्म, 17 सितंबर को कुल शरीफ़ के साथ होगा उर्स का समापन
बरेली : कुतुब-ए-बरेली हज़रत शाहदाना वली रहमतुल्लाह अलैह के सात रोज़ा उर्स मुबारक का आगाज़ आगामी 13 सितंबर, रविवार को रिवायती परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा।उर्स के दौरान शहर में अकीदतमंदों और जायरीनों की बड़ी संख्या में शिरकत की उम्मीद है। उर्स का समापन 17 सितंबर को बाद नमाज़-ए-अस्र कुल शरीफ़ की रस्म के साथ होगा। उर्स के पहले दिन 13 सितंबर को बाद नमाज़-ए-अस्र एक रिवायती परचमी जुलूस निकाला जाएगा।जुलूस की क़यादत दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन रज़ा क़ादरी उर्फ अहसन मियां करेंगे।
मलूकपुर से शुरू होकर दरगाह शाहदाना वली पहुंचेगा जुलूस
जुलूस आयोजक हाजी अज़हर बेग के मुताबिक, परचमी जुलूस मलूकपुर स्थित लाल मस्जिद के निकट हाजी अज़हर बेग के निवास से शुरू होगा। जुलूस अपने कदीमी और रिवायती रास्तों से गुजरते हुए भल्ले मियां की दरगाह, मलूकपुर चौकी के रास्ते आगे बढ़ेगा। इसके बाद जुलूस दरगाह आला हज़रत पहुंचकर सलामी पेश करेगा। वहां से परचमी जुलूस बिहारीपुर, खलील तिराहा,नावेल्टी चौराहा, कुमार सिनेमा,आज़म नगर, कटकुईया और शाहमतगंज से होता हुआ आखिरकार दरगाह हज़रत शाहदाना वली पहुंचेगा।
मगरिब के बाद अदा होगी परचम कुशाई की रस्म
दरगाह शाहदाना वली पहुंचने के बाद बाद नमाज़-ए-मगरिब उर्स की अहम रस्म परचम कुशाई अदा की जाएगी। दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां, दरगाह शाहदाना वली के मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खान नूरी के साथ परचम कुशाई की रस्म अदा करेंगे। परचम कुशाई के साथ ही सात रोज़ा उर्स मुबारक की रस्मी शुरुआत हो जाएगी।
जुलूस में डीजे पर पूरी तरह पाबंदी, नात-ओ-मनकबत के साथ शिरकत
जुलूस आयोजक हाजी अज़हर बेग ने जुलूस में शामिल होने वाली तमाम अंजुमनों को साफ़ हिदायत दी है कि कोई भी अंजुमन डीजे लेकर जुलूस में शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जुलूस की रिवायत, सादगी और अदब-ओ-एहतिराम का पूरा ख्याल रखा जाए। अंजुमनों से अपील की गई है कि वे एक या दो सुराही के साथ सादगी से जुलूस में शामिल हों और रास्ते भर नात-ओ-मनकबत तथा दुरूद शरीफ़ पढ़ते हुए चलें। आयोजकों का कहना है कि जुलूस का मकसद सूफियाना रिवायत, मोहब्बत, अमन और बुजुर्गों की तालीमात को आम करना है।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
उर्स और रिवायती परचमी जुलूस की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में हाजी अज़हर बेग,अब्दुल वाजिद खान नूरी, मुजाहिद बेग,वसी वारसी,नासिर कुरैशी, फरमान बेग,सय्यद फुरकान,सय्यद शाबान,फैजान बेग,सलीम वारसी और यूसुफ इब्राहिम समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक में जुलूस के इंतज़ामात, अंजुमनों की शिरकत और उर्स के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
